संजीव भाटी ग्रेटर नोएडा|DTM
मरम्मत के दौरान भरभराकर गिरा पुराना लेंटर, क्रेन की मदद से दोनों मजदूरों को निकाला गया; ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
5 अक्टूबर 2026 ग्रेटर नोएडा: दादरी थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी मोहल्ले में रविवार को मकान की मरम्मत के दौरान पुराना लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय काम कर रहे दो मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया। क्रेन की मदद से दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसा जीटी रोड स्थित ब्रह्मपुरी मोहल्ले में हुआ। मकान में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान लेंटर का हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से इरफान उर्फ टीटू और उनके भाई हैदर दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर दादरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मलबा भारी होने के कारण मजदूरों को निकालने के लिए क्रेन/हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल इरफान उर्फ टीटू को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरे मजदूर हैदर का उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
बताया गया है कि दोनों मजदूर मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले थे और दादरी क्षेत्र में मजदूरी कर रहे थे। हादसे की सूचना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में निर्माण एवं मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और संभावित लापरवाही के पहलुओं को खंगाला जा रहा है। घायल मजदूर की शिकायत के आधार पर ठेकेदार सतीश के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे ने एक बार फिर निर्माण और मरम्मत कार्यों के दौरान मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
