ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के भविष्य पर हुई चर्चा; इकरा हसन समेत कई सपा नेता पहुंचे
20 सितंबर 2026 मेरठ/सरधना: सरधना के सेंट चार्ल्स स्कूल में रविवार को पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृति में संगोष्ठी और प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, युवा शक्ति और महिला सशक्तिकरण को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। समारोह में बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 12वीं कक्षा उत्तीर्ण छात्राओं को साइकिल वितरण रहा। आयोजकों के अनुसार करीब 2,000 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उनकी पढ़ाई के लिए आवागमन को आसान बनाना बताया गया।
सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. कलाम के जीवन और उनके विचारों को याद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रतिभा को बढ़ावा देना समाज की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में कैराना की सपा सांसद इकरा हसन, सपा नेता जावेद आब्दी और दिल्ली से पहुंचे समाजवादी चिंतक डॉ. लक्ष्मण यादव भी शामिल हुए।
इकरा हसन ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने डॉ. कलाम के जीवन से सीख लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी राजनीतिक बयान सामने आए। इकरा हसन ने सपा की सरकार बनने का दावा किया। हालांकि समारोह का मुख्य केंद्र डॉ. कलाम की स्मृति, छात्राओं का सम्मान और शिक्षा को बढ़ावा देना रहा।
आयोजकों ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
