ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
रात में घर से हुए थे लापता, सुबह खेत में एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले दोनों के शव; पुलिस ने शुरू की जांच
19 सितंबर 2026 संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बनियाठेर थाना क्षेत्र में एक खेत के पास आम के पेड़ पर युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले। दोनों की मौत की खबर मिलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बनियाठेर थाना क्षेत्र में सेजनी और नेहटा गांव के बीच की है। दोनों शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे घर से लापता बताए गए थे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह खेत की ओर गए लोगों ने एक आम के पेड़ पर दोनों को फंदे से लटका देखा। इसके बाद घटना की जानकारी गांव में तेजी से फैल गई।
दोनों के बीच प्रेम संबंध या परिवार से नाराजगी होने की आशंका लगाई जा रही हैं।हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि दोनों ने परिवार की नाराजगी के कारण ही यह कदम उठाया था। मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। दोनों परिवारों में घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शुक्रवार रात दोनों घर से कब और किन परिस्थितियों में निकले थे और इसके बाद उनके साथ क्या हुआ।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
