ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
लखनऊ, 10 सितंबर 2026: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नोएडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र से जुड़े किसानों, विद्युत कनेक्शन और विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
भेंट के दौरान विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र के अन्नदाताओं (किसानों) के हितों के साथ-साथ हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने और क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों से संबंधित विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 31 अगस्त 2026 को हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में विद्युत विभाग द्वारा विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई थी। उन्होंने इस कार्रवाई को रोकने का आग्रह किया था। विधायक के अनुसार, मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कार्रवाई को तत्काल रोकने के आदेश दिए, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
विधायक ने बताया कि हिंडन क्षेत्र की कई कॉलोनियों में लंबे समय से नए विद्युत कनेक्शन देने की प्रक्रिया बंद है। इसके कारण हजारों परिवार आज भी नियमित विद्युत सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पात्र परिवारों को सशर्त अथवा अस्थायी विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि वैधानिक विद्युत कनेक्शन मिलने से क्षेत्र के नागरिकों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही, बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगने के साथ सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी। विधायक ने बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
नोएडा विधायक पंकज सिंह के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया। विशेष रूप से हिंडन क्षेत्र के निवासियों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वैधानिक विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए विधि-सम्मत अग्रिम कार्रवाई कर कनेक्शन दिए जाएंगे।
विधायक ने मुख्यमंत्री के इस सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि शीघ्र ही इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और हिंडन क्षेत्र के हजारों परिवारों को वैधानिक विद्युत कनेक्शन की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के सकारात्मक आश्वासन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहृदय आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
