ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|Dilli Times Media
देवरिया (उत्तर प्रदेश), 13 अगस्त 2026: जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा के दौरान गुरुवार को कस्तूरबा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की 40 से अधिक छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कई छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ीं। आनन-फानन में उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
यह यात्रा सुबह राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से शुरू हुई थी, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के करीब 2500 से 5000 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। यात्रा कोतवाली रोड और सिविल लाइंस होते हुए स्टेडियम तक पहुंची। तेज धूप और गर्मी के कारण कई छात्राओं को चक्कर आने लगे। कुछ छात्राएं अचेत हो गईं।
डॉक्टरों और अधिकारियों के अनुसार, छात्राओं ने सुबह से कुछ नहीं खाया था। खाली पेट, गर्मी में लंबी दूरी पैदल चलने तथा पानी की कमी के कारण वे डिहाइड्रेशन का शिकार हो गईं। कई छात्राओं को ऑक्सीजन सपोर्ट भी दिया गया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी और मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह मेडिकल कॉलेज पहुँचे और छात्राओं का हालचाल लिया। जिलाधिकारी ने बताया, “तेज गर्मी के कारण कस्तूरबा इंटर कॉलेज की कुछ छात्राएं डिहाइड्रेट हो गईं। कोई घबराहट की स्थिति नहीं है। बच्चे स्थिर हैं और इलाज चल रहा है। करीब 40 छात्राओं को लाया गया था, जिनमें से 7-8 को पहले ही डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है। डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।”
कस्तूरबा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या मंजू राय ने भी गर्मी के कारण चक्कर आने की बात कही। मेडिकल कॉलेज में करीब 50 डॉक्टरों की टीम ने छात्राओं का उपचार किया। दोपहर तीन बजे तक आधे से अधिक छात्राओं को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। इस घटना ने गर्मी के मौसम में बड़े कार्यक्रमों के दौरान मेडिकल सुविधा, पानी और आराम की पर्याप्त व्यवस्था की जरूरत को फिर रेखांकित किया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
