संजीव कुमार ग्रेटर नोएडा|Dilli Times Media
ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) | 13 अगस्त 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में एक नामी मिठाई की दुकान से खरीदे गए घेवर में कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है। धनौरी गांव निवासी विजयपाल सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्होंने मंगलवार शाम करीब पांच बजे दनकौर स्थित रमेश मिष्ठान भंडार से लगभग पांच किलो घेवर और दो किलो गुझिया खरीदी थी। घर पहुंचकर पैकेट खोलने पर घेवर में एक कॉकरोच दिखाई दिया।
विजयपाल सिंह के अनुसार, उन्होंने तुरंत दुकान पर पहुंचकर शिकायत की, लेकिन दुकानदार ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कहा कि उनकी दुकान के घेवर में पहले कभी ऐसी शिकायत नहीं आई है। इसके बाद बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मामले की जांच कराने और दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें घेवर के अंदर कॉकरोच साफ नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई है। कई लोगों ने संबंधित दुकान से मिठाई न खरीदने की अपील की है और खाद्य सुरक्षा विभाग से दुकान का विस्तृत निरीक्षण कराने की मांग की है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद खाद्य निरीक्षक शैय्यद इबादुल्लाह की टीम ने दुकान से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में मिलावट या अस्वच्छता पाई जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। त्योहारों के मौसम में मिठाई की बिक्री बढ़ने के साथ ही ऐसे मामलों पर प्रशासन की सख्ती की जरूरत बताई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी और आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
